वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
नई दिल्ली/लखनऊ। नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:15 बजे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में इस गलियारे के ऊंचे खंड पर बने वन्यजीव कॉरिडोर का निरीक्षण और समीक्षा करेंगे। इसके बाद वह देहरादून के निकट स्थित जय मां दात काली मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे देहरादून में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री इस परियोजना का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
करीब 213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह गलियारा दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है और इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।
परियोजना में 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार प्रमुख पुल और सड़क किनारे 12 जन सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही, इसे अत्याधुनिक यातायात प्रबंधन प्रणाली से लैस किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस गलियारे में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इसमें 12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा आठ पशु मार्ग, 200 मीटर लंबे दो हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण भी किया गया है, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
यह आर्थिक गलियारा क्षेत्र के पर्यटन और व्यापार को नई गति देगा तथा क्षेत्रीय विकास को मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही, यह आधुनिक बुनियादी ढांचे को पर्यावरणीय संतुलन के साथ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment