बस्ती। थाना छावनी पुलिस, स्वाट टीम व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे पर डीजल चोरी करने वाले गैंग के सरगना व गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्त प्रिंस वर्मा (24) निवासी गनेशपुर बिसौरा, थाना गोसाईगंज जनपद अयोध्या को रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक डिजायर कार (UP32RE3430), एक मोबाइल आईफोन-13 और 510 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त थाना छावनी में पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वाहन के कागजात न दिखाने पर कार को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पुलिस कार्रवाई के डर से भागने का प्रयास कर रहा था। फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment