संतकबीरनगर। जनपद संतकबीरनगर पुलिस ने जनसुनवाई प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नवीनतम रैंकिंग में जनपद को IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) में प्रदेश में प्रथम तथा सीएम डैशबोर्ड में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में मिली इस उपलब्धि के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान IGRS सेल व सीएम डैशबोर्ड में तैनात प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय, उपनिरीक्षक ब्रजेश सिंह तथा उनकी टीम के सदस्य हेड कांस्टेबल आदर्श श्रीवास्तव, कांस्टेबल विकास यादव, कांस्टेबल धनंजय शर्मा, कांस्टेबल लल्लन पाल, हेड कांस्टेबल धृष्टधुम्न सिंह और कांस्टेबल चन्दन कुमार साहनी को उनकी कार्यकुशलता, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए व्यक्तिगत रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जन शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करना और फीडबैक में जनता की संतुष्टि प्राप्त करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, जिसे टीम ने अपनी मेहनत और लगन से संभव बनाया।
सम्मान प्रदान करते हुए उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना की और भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत और जनसेवा के प्रति उनके अटूट समर्पण का परिणाम है।
आईजीआरएस (IGRS) सेल ने शिकायतों के निस्तारण में गति के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा और डिफॉल्टर की संख्या शून्य बनाए रखने में सफलता प्राप्त की। इस उपलब्धि से पुलिस विभाग के साथ-साथ आम जनमानस में भी खुशी का माहौल है।

No comments:
Post a Comment