<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, March 10, 2026

गोरखपुर में CM योगी ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, बोले-निगरानी बढ़ाएं, समय पर पूरी करें परियोजनाएं


गोरखपुर। एक दिवसीय दौरे पर रविवार शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं समय से और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। सुनिश्चित किया जाए कि आवागमन प्रभावित न हो और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शाम 5:30 बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गुरु श्री गोरक्षनाथ के दर्शन-पूजन के बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद देर शाम मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर और आसपास चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि पैडलेगंज-टीपी नगर सिक्स लेन ओवरब्रिज और पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा गोड़धोइया नाले के निर्माण कार्य को भी समय से पूरा किए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विरासत गलियारा, पादरी बाजार ओवरब्रिज, पिपराइच फोरलेन मार्ग सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिन लोगों की भूमि या संपत्ति परियोजनाओं की जद में आ रही है, उन्हें शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्य में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान शहर की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर भी नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता न हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जीडीए की कन्वेंशन सेंटर परियोजना, रामगढ़ताल रिंग रोड और गीडा क्षेत्र में संचालित उद्योगों तथा प्रस्तावित नई इकाइयों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों को किसी प्रकार की समस्या न हो और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक माहौल बनाया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने नगर निगम के कार्यों की भी समीक्षा की और शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जाए। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री रात करीब आठ बजे लखनऊ प्रस्थान कर गए।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages