लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उप निरीक्षक व समकक्ष के 4543 पदों पर भर्ती के लिए 14-15 मार्च को होने वाली लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि की घोषणा कर दी है।
भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 14 मार्च को होने वाली परीक्षा के लिए 11 मार्च और 15 मार्च को होने वाली परीक्षा के लिए 12 मार्च को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
भर्ती बोर्ड ने अपनी वेबसाइट uppbpb.gov.in पर यह सूचना प्रकाशित की है। इसके अनुसार बोर्ड की वेबसाइट पर संबंधित दिनों में दिए गए लिंक को क्लिक करके अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
- पेपर लीक करने वालों को सख्त चेतावनी
बोर्ड ने साल्वर, पेपर लीक व नकल करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
भर्ती बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने यह भी कहा है कि इंटरनेट मीडिया पर भर्ती परीक्षा को लेकर प्रश्नपत्र या उससे संबंधित कंटेंट पर चर्चा या उसका प्रचार-प्रसार करने पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों सहित अन्य लोगों से अपील की है कि परीक्षा को लेकर साल्वर गिरोह के सक्रिय होने व किसी भी प्रकार की गैर कानूनी गतिविधियों की सूचना 9454457951 फोन नंबर पर वाट्सएप के जरिये या satarkta.policeboard@gmail.com पर मेल के माध्यम से दी जा सकती है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र बनाने को लेकर 10 किलोमीटर के दायरे की शर्त शासन ने समाप्त कर दी है। पहले बस, रेलवे स्टेशन व कोषागार से 10 किलोमीटर की परिधि में परीक्षा केंद्र बनाए जाने थे।
- एसटीएफ ने बढ़ाई चौकसी, 1090 केंद्रों पर होगी परीक्षा
भर्ती परीक्षा में सेंधमारी रोकने के लिए एसटीएफ ने चौकसी बढ़ा दी है। इसे लेकर एसटीएफ पिछले वर्षों में भर्ती परीक्षाओं में नकल व पेपर लीक मामले में शामिल रहे आरोपितों की भी छानबीन कर रही है। परीक्षा केंद्रों के पास स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ कर्मी भी तैनात किए जाएंगे।
इसके अलावा परीक्षा की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी नजर रखी जा रही है। 1090 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा को लेकर 16 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें करीब पांच लाख महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं।
No comments:
Post a Comment