वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। ग्राम प्रहरी चौकीदार संघ (रजि.) उत्तर प्रदेश की जनपद बस्ती इकाई द्वारा गुरुवार को विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम प्रहरी/चौकीदारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में लगभग 70 हजार ग्राम प्रहरी/चौकीदार बहुत ही कम मानदेय पर गांवों की निगरानी और सुरक्षा का कार्य करते हुए अपराध संबंधी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्षों से ग्राम प्रहरी/चौकीदार अपनी मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते रहे हैं। संघ का कहना है कि प्रदेश में सरकार बनने से पहले चौकीदार संघ के प्रतिनिधियों को लखनऊ बुलाकर यह आश्वासन दिया गया था कि सरकार बनने पर ग्राम प्रहरी चौकीदारों का वेतन बढ़ाते हुए उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा तथा मानदेय बढ़ाकर लगभग 10,500 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। लेकिन अब तक केवल पद का नाम परिवर्तन किया गया है, अन्य मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संघ ने अपने ज्ञापन में प्रमुख मांगों में ग्राम प्रहरी/चौकीदारों का वेतन बढ़ाकर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, पुलिस मुख्यालय के पत्र के अनुसार पुलिस अनुरूप वर्दी उपलब्ध कराने, पुलिस रेगुलेशन के अनुसार उनसे कार्य लिए जाने तथा कार्य दिवस और वेतन संबंधी व्यवस्था को स्पष्ट करने की मांग की है। इसके अलावा टॉर्च, सेल, साइकिल मरम्मत आदि सुविधाओं के लिए मिलने वाली राशि का तत्काल भुगतान करने की भी मांग की गई है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र गौतम ने बताया कि ग्राम प्रहरी चौकीदार गांवों की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि ग्राम प्रहरी/चौकीदारों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए।

No comments:
Post a Comment