<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, March 16, 2026

डीएम की अध्यक्षता में आईजीआरएस व कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक आयोजित

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को एनआईसी सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों तथा कर-करेत्तर राजस्व की वसूली को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त मुख्यमंत्री संदर्भ, आयुक्त संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस संदर्भ सहित अन्य लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी संदर्भ डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए तथा शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक अवश्य लिया जाए, जिससे पोर्टल पर बेहतर रैंकिंग प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों द्वारा योजनाओं के संचालन में लापरवाही की जाएगी या शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कर-करेत्तर राजस्व की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, स्टाम्प शुल्क, विद्युत देयों की वसूली, वन विभाग, सिंचाई एवं नलकूप, नगर निकाय, खनन, मंडी समिति, बाट-माप, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व संग्रह की स्थिति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में सुधार लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, उप जिलाधिकारी धनघटा डॉ. सुनील कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages