<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, March 11, 2026

कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, कार-बाइक जलकर राख


गोरखपुर। कपड़े की थोक दुकान व गोदाम में मंगलवार की शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान से होते हुए पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी वजह से गलियारे में खड़ी एक कार और दो बाइक भी जलकर खाक हो गईं।
पांच घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों व राजघाट थाना पुलिस की टीम ने आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा पूरा सामान जल गया।
रायगंज में अविनाश गुप्ता की निष्ठा ट्रेडर्स नाम से कपड़े की दुकान है, जहां से कपड़ा, चुंदरी, चादर और अन्य सामग्री का थोक व्यापार होता है। दो मंजिला मकान के नीचे के तल पर दुकान और गोदाम बना हुआ है, जबकि ऊपर परिवार रहता है। मंगलवार की शाम करीब सात बजे अचानक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई।
कुछ ही देर में आग दूसरे कमरे तक फैल गई और लपटें तेज हो गईं। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचतीं, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। आनन-फानन में अविनाश गुप्ता, उनकी पत्नी सलोनी गुप्ता समेत परिवार के अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया गया कि मकान में कुल दस लोग मौजूद थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। गोदाम में नवरात्र के लिए बड़ी मात्रा में चुनरी, पताका, छाता, गमछा और गत्ते का सामान रखा हुआ था। कपड़े और ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। दो मंजिला भवन के नीचे के तल पर हाल और छह कमरों में कपड़े का स्टाक रखा था, जिससे आग की लपटें और तेज हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डा. कौस्तुभ भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीएफओ संतोष राय ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग गोदाम के अंदर तक फैल गई थी, जिसके कारण उसे बुझाने में काफी समय लगा।
रात 12 बजे तक दमकल कर्मियों की टीम ने आग पर काबू पा लिया। मकान के ऊपरी हिस्से और भवन को बचा लिया गया, लेकिन गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। आसपास के इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages