गोरखपुर। गोरखपुर महानगर के गीता नगर मंडल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का समापन बुधवार को बर्ड घाट रामलीला मैदान पर उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। दो दिवसीय इस कार्यशाला में संगठन की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प पर गहन मंथन किया गया।
समापन सत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक विपिन सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर, वंदे मातरम एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
‘केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां’ विषय पर बोलते हुए सहजानंद राय ने कहा कि भाजपा की यात्रा केवल सत्ता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र पुनर्निर्माण और ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करने की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद के दर्शन, कार्यकर्ताओं के समर्पण और पूर्वजों के त्याग ने पार्टी को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवा—सभी वर्गों के समग्र उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, जिससे भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।
कार्यक्रम में चार सत्रों के माध्यम से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिससे कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा के प्रति नई ऊर्जा मिली।
स्वागत भाषण एवं विषय प्रस्तावना महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने प्रस्तुत की। कार्यशाला की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विशाल गुप्ता ने की, जबकि संचालन महामंत्री राजीव शुक्ला ने किया। इस अवसर पर वीरेंद्र पांडेय, अच्युतानंद शाही, पदमा गुप्ता, अवधेश अग्रहरी, रुपेश गुप्ता, दुर्गेश बजाज, भोला अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment