वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद स्तरीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को बीएसए कार्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र का स्वागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तथा जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन अमित कुमार मिश्र ने बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर किया।
प्रतियोगिता में जिले के 14 विकास खंडों तथा नगर क्षेत्र से कुल 30 रसोइयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता की निर्णायक समिति में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य, गृह विज्ञान की प्रवक्ता, एक प्रतिष्ठित होटल के कुक, जिला महिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य अधिकारी तथा राजकीय आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगर क्षेत्र बस्ती के 20 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
लॉटरी के माध्यम से प्रतियोगिता में बनाए जाने वाले व्यंजन का चयन बच्चों द्वारा किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को मौसमी सब्जी और सोयाबीन युक्त तहरी बनानी थी। निर्णायक मंडल एवं बच्चों ने भोजन का स्वाद चखने, प्रस्तुति तथा बनाने की विधि के आधार पर परिणाम घोषित किया।
प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय बैड़ारी एहतमाली कुदरहा की इंदू देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक विद्यालय गंधरिया गजराज साऊंघाट की पूजा द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय महुआलखनपुर कप्तानगंज की पुष्पा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्रमशः 3500, 2500 और 1500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300-300 रुपये, प्रमाण-पत्र तथा आवागमन भत्ता दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर विनय चौधरी, अनूप कुशवाहा, अर्पणा भरद्वाज, विनोद कुमार त्रिपाठी, अमृता सिंह, डा. संतोष कुमार मौर्य, स्वप्निल श्रीवास्तव, आलोक त्रिपाठी, सत्येन्द्र चन्द्र श्रीवास्तव, रविशंकर मिश्र, बब्बन पाण्डेय, उमाशंकर पाण्डेय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment