गोरखपुर। होली के पावन पर्व पर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनरों को 28 फरवरी तक वेतन, पेंशन एवं मानदेय भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे। किंतु भारतीय रिजर्व बैंक के ई-कुबेर पोर्टल में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण 28 फरवरी को संबंधितों के खातों में धनराशि नहीं पहुंच सकी।
इस समस्या के समाधान हेतु राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी एवं मुख्य कोषाधिकारी से मिला। साथ ही परिषद की ओर से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना तथा भारतीय रिजर्व बैंक को ट्वीट कर 2 मार्च को अवकाश के दिन आरबीआई खोलकर कर्मचारियों एवं पेंशनरों के खातों में वेतन-पेंशन भुगतान सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया।
संज्ञान लेते हुए आरबीआई द्वारा पोर्टल की तकनीकी समस्या को दूर किया गया। इसके बाद अवकाश के दिन बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कर सभी संबंधित कर्मचारियों और पेंशनरों के खातों में वेतन एवं पेंशन का भुगतान कर दिया गया।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, केंद्रीय वित्त मंत्री, भारतीय रिजर्व बैंक तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के सभी पत्रकार बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से अवकाश के दिन भी यह कार्य संभव हो सका। परिषद ने सभी को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

No comments:
Post a Comment