गोरखपुर। अस्थिर वैश्विक हालात को देखते हुए घरेलू गैस सिलिंडर की लॉकिंग पीरियड (बुकिंग अवधि) में बदलाव किया गया है। इसे 15 दिन की जगह 21 दिन कर दिया है। यानी अब सिलिंडर की आपूर्ति के बीच 21 दिन का अंतर होगा।
इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए एजेंसियों के सॉफ्टवेयर में लॉक लगा दिया गया है। हालांकि बुकिंग की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी उपभोक्ता सिलिंडर लेने के तत्काल बाद भी बुकिंग करा सकते हैं। मंत्रालय में बुकिंग भी 21 दिन बाद ही करने पर मंथन चल रहा है। यदि ऐसा होगा तो सिलिंडर लेने के बाद दूसरे सिलिंडर की बुकिंग 21 दिन बाद होगी।
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की एजेंसियों पर अब तक एक सिलिंडर देने के 15 दिन बाद दूसरा सिलिंडर लिया जा सकता था। अब ऐसा नहीं हो पाएगा।
- साल में 15 सिलिंडर ही ले सकते हैं
ऑयल कंपनियों ने पहले ही सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडर की बिक्री को शर्तों के अधीन कर दिया था। एक वर्ष में सब्सिडी वाले 12 सिलिंडर ही लिए जा सकते हैं। इसके अलावा बिना सब्सिडी वाले तीन और सिलिंडर एक वर्ष में लिए जा सकते हैं। यानी एक अप्रैल से 31 मार्च तक एक कनेक्शन पर अधिकतम 15 सिलिंडर ही मिल सकता है।
- 24 घंटे में सिलिंडर देने का है निर्देश
ऑयल कंपनियों ने बुकिंग के 24 घंटे के भीतर ही सिलिंडर की आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी सहूलियत मिल जाती है। अब लॉक लगने के कारण बुकिंग की संख्या तेजी से बढ़नी तय है।
अब एक सिलिंडर लेने के 21 दिन बाद ही दूसरा सिलिंडर दिया जाएगा। इसके लिए सॉफ्टवेयर में लॉक लगा दिया गया है। हमारे पास सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ता पैनिक न बनाएं। सभी को पर्याप्त सिलिंडर मिलेगा। इस हफ्ते रविवार को भी बाटलिंग प्लांट चलाया जाएगा।
- रवि चंदेरिया, उप महाप्रबंधक, इंडियन ऑयल
No comments:
Post a Comment