बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भाजपा कार्यालय सभागार में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रशिक्षण अभियान की रूप-रेखा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली से कार्यकर्ताओं को अवगत कराना रहा।
प्रशिक्षण महाभियान के तहत प्रदेश स्तर पर तीन दिवसीय, जिला स्तर पर दो दिवसीीय, मंडल स्तर पर 24 घंटे तथा बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का लक्ष्य बूथ स्तर तक प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना है।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी डॉ. समीर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही संगठन मजबूत होता है और यह महाभियान उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़, अनुशासित एवं सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाएगा। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद तथा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रीय एकता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण महाभियान के जिला संयोजक प्रत्युष सिंह ने किया। कार्यशाला में प्रदेश व क्षेत्र पदाधिकारी, जिला एवं मंडल प्रशिक्षण टोली, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment