<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, February 26, 2026

दबंगों के विरोध से खड़ंजा निर्माण अधूरा, ग्रामीणों ने मंडलायुक्त से लगाई गुहार


बस्ती। संतकबीरनगर जनपद के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा गांव में खड़ंजा निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग व मनबढ़ लोग 30 वर्ष पुराने सार्वजनिक रास्ते को बंद कर निकट की बंजर भूमि पर कब्जा करने की मंशा से निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं।
गांव निवासी सुनील यादव सहित दर्जनों ग्रामीणों ने मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर खड़ंजा निर्माण शीघ्र पूर्ण कराए जाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं के अनुसार संबंधित मार्ग वर्षों से आम रास्ते के रूप में प्रयोग में है, लेकिन हाल में इसे विवादित बनाकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर ग्रामीणों को मंडल मुख्यालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान खड़ंजा काफी नीचा होने के कारण बरसात में गांव में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। ग्राम प्रधान द्वारा सड़क को ऊंचा कराने के उद्देश्य से पुराना खड़ंजा उखड़वाया गया था, किंतु विरोध के चलते कार्य बीच में ही रुक गया। आरोप यह भी है कि अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बावजूद दबंग तत्वों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क ऊंची होकर निर्माण पूर्ण हो जाता है तो आवागमन सुगम होगा और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष हस्तक्षेप कर सार्वजनिक मार्ग को कब्जे से बचाने तथा अधूरे निर्माण को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages