वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। एन.ई. रेलवे गर्ल्स इंटर कॉलेज, गोरखपुर में 10 फरवरी 2026 को विद्यालय का वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर श्री मनोज कुमार रहे। उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करने के उपरांत दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, स्वागत गान, मनमोहक समूह नृत्य एवं बालिकाओं की शिक्षा के महत्व पर आधारित प्रेरक नाटक रहा, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विभिन्न शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मनोज कुमार ने छात्राओं द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस भी विधा को छात्राएं सीख रही हैं, उसमें अपनी जिज्ञासा को कभी मरने न दें। हर विधा जीवन में नया मार्ग प्रशस्त करती है, इसलिए उसके पीछे छिपे उद्देश्य और प्रेरणा को समझना भी उतना ही आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार सक्सेना ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही उत्कृष्ट शिक्षा, डिजिटल प्लेटफॉर्म, कंप्यूटर लैब तथा नारी बुक बैंक जैसी सुविधाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के कार्यकारी अधिकारी एवं उप मुख्य अभियंता/गोरखपुर क्षेत्र राजेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

No comments:
Post a Comment