बस्ती। सामाजिक कार्यकर्ता रामलौट ने जिलाधिकारी के माध्यम से जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह को ज्ञापन सौंपकर हर्रैया तहसील क्षेत्र के कप्तानगंज और दुबौलिया विकास खंड में अधूरी पड़ी ओवरहेड पानी की टंकियों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
ज्ञापन में रामलौट ने बताया कि कप्तानगंज विकास खंड के मरवटिया तिवारी और खेमराजपुर तथा दुबौलिया विकास खंड के एकडेंगवा गांव में मेगा इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा ओवरहेड पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने जल शक्ति मंत्री से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अधूरी पड़ी ओवरहेड पानी की टंकियों का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

No comments:
Post a Comment