बस्ती। जिला प्रशासन एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के संयुक्त तत्वावधान में एसबीआई कोर्ट एरिया बैंक हॉल में मेगा क्रेडिट कैम्प का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस ऋण वितरण शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से युवा उद्यमियों को स्वरोजगार हेतु अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र, कप्तानगंज के गुलाब चन्द्र सोनकर, सदर के मो. सलीम और रूधौली के कुलदीप मौर्या ने पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और डेमो चेक प्रदान किया। लीड बैंक प्रबंधक आर.एन. मौर्या ने बताया कि शासन की मंशानुरूप जनपद में मेगा क्रेडिट कैम्प का आयोजन किया गया है। बैंकों के प्रभारी अधिकारियों ने अपनी-अपनी शाखा के पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए।
विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि ने कहा कि सरकार युवा उद्यमियों और स्वरोजगार में कार्यरत प्रत्येक पात्र व्यक्ति के लिए संवेदनशील है और उनके लिए ऋण उपलब्ध कराने हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। कप्तानगंज प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर ने कहा कि लाभार्थीगण स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार और देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे सकते हैं।
उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप ने बताया कि मेगा ऋण कैम्प में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बैंकों द्वारा 150 ऋण आवेदनों पर स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही की गई। यूपीनेडा विभाग द्वारा संचालित पीएम सूर्यघर योजना के तहत 15 आवेदन पत्रों पर ऋण स्वीकृति दी गई, जबकि 537 आवेदन पत्र बैंक स्तर पर विचाराधीन हैं।
कार्यक्रम का संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी डा. राजमंगल चौधरी ने किया। इस अवसर पर आनन्द चौधरी, निधि, पूजा यादव, सुरेन्द्र चौहान, शोभा यादव, मु. तौफिक, दयाराम, दिलीप यादव, रामअनुज, संजय कुमार सहित अन्य पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र/डेमो चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में आरसेटी के निदेशक मृत्युंज मिश्र सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं लाभार्थीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment