बस्ती। जनपद बस्ती से चयनित 27 आपदा मित्र आज 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) मुख्यालय, लखनऊ के लिए रवाना हुए। यह जानकारी अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) कीर्ति प्रकाश भारती ने दी।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा संचालित आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ करना है। आपदा मित्र योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत देश के 350 संवेदनशील जिलों में एक लाख सामुदायिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को बाढ़, चक्रवात, भूस्खलन, भूकंप जैसी आपदाओं में राहत एवं बचाव, खोज कार्य, प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर, अग्नि सुरक्षा तथा आपदा पूर्व तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना का मूल मंत्र “आपदा मित्र – आपका मित्र” है, जो आपदा के समय समुदाय की त्वरित सहायता सुनिश्चित करता है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सरकारी तंत्र के पहुंचने से पहले आपदा मित्र ही प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में कार्य करते हैं। ये स्वयंसेवक घायलों को प्राथमिक उपचार, फंसे लोगों का रेस्क्यू, राहत सामग्री वितरण तथा नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। पूर्व में बाढ़, चक्रवात एवं महामारी जैसी आपदाओं के दौरान आपदा मित्रों द्वारा दी गई सेवाएं सराहनीय रही हैं।
प्रस्थान से पूर्व अपर जिलाधिकारी ने आपदा मित्रों को संबोधित करते हुए उनके उत्साह की सराहना की और उन्हें जनपद का गौरव बताया। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए सफल प्रशिक्षण की कामना की।
इस अवसर पर आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने कहा कि आपदा मित्र योजना आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है। बस्ती से चयनित 27 आपदा मित्र न केवल अपने समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बनेंगे।
No comments:
Post a Comment