<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, February 26, 2026

मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, 20 लाख के फोन बरामद

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। थाना लालगंज व स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त पुलिस कार्रवाई में मोबाइल की दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए करीब 20 लाख रुपये कीमत के चोरी गए मोबाइल फोन शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।

घटना 23/24 फरवरी 2026 की रात थाना लालगंज क्षेत्र के पाकरडाड़ स्थित ‘गूगल वर्ल्ड मोबाइल’ दुकान में हुई थी, जहां शटर का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। इस संबंध में थाना लालगंज पर मु0अ0सं0 41/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक लालगंज व प्रभारी सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 26 फरवरी 2026 को तेनुआ मोड़ के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी गए 56 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (आईफोन, वीवो, ओप्पो, आईक्यू आदि कंपनियों के), 21 कीपैड मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल तथा चोरी की साड़ियां बरामद की गईं। इस गिरफ्तारी से थाना लालगंज के मु0अ0सं0 41/2026 व 24/26 तथा थाना कोतवाली के मु0अ0सं0 75/26 धारा 303(2) बीएनएस के मामलों का भी खुलासा हुआ।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 23 फरवरी को दिन में उन्होंने दुकान की रेकी की थी। रात में बाइक से पहुंचकर रॉड से शटर का ताला तोड़ा और महंगे मोबाइल बोरे में भर लिए। निकलते समय वायर कटर से सीसीटीवी के तार काटकर डीवीआर भी उठा ले गए और लालगंज से आगे कुआनो नदी में फेंक दिया। चोरी के मोबाइल गेहूं के खेत में छिपा दिए थे और उन्हें गोरखपुर ले जाकर बेचने की योजना थी, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।

अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि करीब 15 दिन पूर्व बस्ती कचहरी से लौटते समय कटहरी के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। वहीं महादेवा के आगे बस्ती की ओर एक मकान का ताला तोड़कर साड़ियां व नकदी भी चोरी की थी। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages