वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद गोरखपुर के 320–कम्पियरगंज, 321–पिपराइच, 322–गोरखपुर शहर, 323–गोरखपुर ग्रामीण, 324–सहजनवा, 325–खजनी (अजा), 326–चौरीचौरा, 327–बांसगांव (अजा) तथा 328–चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्रों में रविवार 22 फरवरी 2026 को विशेष अभियान चलाया गया।
प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक संबंधित मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8 प्राप्त किए गए। साथ ही 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली की आलेख्य सूची तथा अनुपस्थित/शिफ्टेड/मृतक/डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का वाचन कर उपस्थित नागरिकों को जानकारी दी गई।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा संशोधन/शुद्धिकरण के लिए फार्म-8 आवेदन लिए गए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विशेष अभियान दिवस 22-02-2026 को जनपद के नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 15,281 फार्म-6, 313 फार्म-7 तथा 937 फार्म-8 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

No comments:
Post a Comment