वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय यूपी-112, लखनऊ द्वारा उपलब्ध कराए गए सात नए दोपहिया वाहनों को शनिवार को विधिवत पूजन के बाद आपातकालीन सेवाओं के लिए रवाना किया गया। इन वाहनों का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा शुभ मुहूर्त में किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अजय सिंह, प्रभारी यूपी-112 राहुल सिंह यादव, पीआरओ दुर्गेश कुमार पाण्डेय सहित यूपी-112 से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजन उपरांत पुलिस अधीक्षक ने सभी दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ये दोपहिया वाहन विशेष रूप से शहरी एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैनात किए जाएंगे, जिससे आपात स्थितियों में यूपी-112 का रिस्पॉन्स टाइम और कम होगा। इस क्रम में थाना कोतवाली खलीलाबाद को दो वाहन, थाना मेहदावल को दो वाहन, थाना बखिरा, थाना धर्मसिंहवा एवं थाना महुली को एक-एक वाहन प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से यूपी-112 की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और आम जनता को समयबद्ध, त्वरित व प्रभावी पुलिस सहायता मिल सकेगी। यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक होगी, बल्कि जनमानस में सुरक्षा की भावना को भी और मजबूत करेगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को वाहनों के बेहतर रखरखाव और प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

No comments:
Post a Comment