बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव के नेतृत्व में शिक्षक मंगलवार को डीएम और बीएसए को ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे। शिक्षकों ने तीसरे चरण के समायोजन में अनियमितताओं को दूर करने, बीएलओ कार्य से मुक्त करने, आवारा मवेशियों से स्कूल की रखवाली कराने के आदेश वापस लेने और वरिष्ठता सूची में सभी शिक्षकों को शामिल करने की मांग की।
जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने बताया कि प्रथम और द्वितीय चरण के समायोजन वाले विद्यालयों से ही तीसरे चरण में शिक्षक अन्य स्कूलों में मनमाने ढंग से समायोजित किए गए। उन्होंने कहा कि उच्च प्राथमिक में तीन अध्यापक होने के बावजूद शिक्षकों को हटाकर अन्य विद्यालयों में भेजा गया, जबकि सभी ब्लॉकों के एकल, बंद और आवश्यक विद्यालयों में समायोजन नहीं किया गया।
जिला उपाध्यक्ष रवीश कुमार मिश्र ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद शिक्षक बीएलओ सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्य कर रहे हैं, जो उनके मान-सम्मान के खिलाफ है। शिक्षक नेता हरेंद्र यादव और सनद पटेल ने आवारा कुत्तों और मवेशियों को पकड़ने जैसे आदेश वापस लेने की मांग की। शिक्षक नेता अशोक यादव और सुरेश गौड़ ने वरिष्ठता सूची में सभी शिक्षकों को शामिल करने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने वालों में अशोक विजय यादव, रामस्वरूप, राम भवन यादव, रामपियारे कन्नौजिया, लक्ष्मण लाल, उमाशंकर, रमाशंकर लाल, मुरलीधर, विजय, विनय सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, प्रदीप गुप्ता, वशिष्ठ शुक्ला, वेद उपाध्याय, अनीस अहमद शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment