बड़हलगंज।स्वर्गीय बीरेंद्र प्रताप शाही की स्मृति में ग्राम महुआपार में आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले उत्साह और रोमांच से भरपूर रहे। दिल्ली और मऊ की टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई। दिल्ली ने सिवान को 4-1 से हराया, जबकि मऊ ने बक्सर को 3-0 से पराजित किया।
दिल्ली और सिवान के बीच हुए पहले सेमीफाइनल में दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन किया। दिल्ली के लिए मनिंदर ने तीसरे मिनट में पहला गोल किया, जिसके बाद बासु ने 20वें मिनट में बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे हाफ में नूरुल ने 56वें मिनट में तीसरा गोल दागा। सिवान ने 57वें मिनट में अपना एकमात्र गोल किया, लेकिन नूरुल ने 61वें मिनट में एक और गोल कर दिल्ली की 4-1 से जीत सुनिश्चित की।
इस मैच के निर्णायक निताई सरदार, उपेन्द्र शुक्ला और अमल कुमार रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता सृंजय मिश्र, पाली के प्रमुख शशि प्रताप सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता अखिलेश दूबे 'नन्हे' मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वर्गीय शाही को श्रद्धांजलि अर्पित की और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।
दूसरे सेमीफाइनल में मऊ और बक्सर की टीमें आमने-सामने थीं। मऊ ने एकतरफा खेल दिखाते हुए बक्सर को 3-0 से हराया। मऊ की ओर से गौरव चौहान ने 17वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद 27वें मिनट में ओसामा ने दूसरा गोल दागा। मैच का तीसरा और अंतिम गोल 71वें मिनट में तौसीफ ने किया, जो अंत तक कायम रहा। बक्सर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती अस्मिता चंद, चेयरमैन उरुवा/उनवल श्री महेश दूबे, समाजसेविका श्रीमती मंजू शाही और वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश चंद उर्फ गुड्डू चंद दूसरे सेमीफाइनल के मुख्य अतिथि रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।मैचों में अजय यादव, उपेंद्र और सौरभ कुमार ने रेफरी की भूमिका निभाई। मुन्ना शाही और राजू शाही ने कमेंट्री की।
आयोजन समिति के सदस्य रमेश शाही, प्रशांत शाही, देवेंद्र शाही, अजीत राव, धीरेन्द्र तिवारी, अतुल शाही, गोपाल पाल, दीपक यादव, सिंटू शाही, श्यामनारायण शाही और श्रीराम यादव सहित बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी दर्शक मैच देखने पहुंचे।
No comments:
Post a Comment