वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
![]() |
| नरेन्द्र मोदी |
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित राय पिथोरा सांस्कृतिक परिसर में आयोजित ऐतिहासिक सांस्कृतिक प्रदर्शनी “लोटस लाइट: रेलिक्स ऑफ द अवेकेंड वन” का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी का आयोजन संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रत्यावर्तित पवित्र पिपरावा अवशेषों तथा उनसे संबंधित महत्वपूर्ण प्राचीन वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह प्रदर्शनी बुद्ध की शिक्षाओं के साथ भारत के अटूट सभ्यतागत संबंधों को रेखांकित करती है तथा अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और प्रस्तुति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। प्रदर्शित किए जा रहे पिपरावा अवशेष 19वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में खोजे गए थे और इन्हें व्यापक रूप से गौतम बुद्ध के पार्थिव अवशेषों से संबंधित माना जाता है, जिन्हें शाक्य वंश द्वारा प्रतिष्ठित किया गया था। इन पवित्र अवशेषों का प्रत्यावर्तन और सार्वजनिक प्रदर्शन भारत के सांस्कृतिक और राजनयिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक प्रदर्शनी में पवित्र पिपरावा अवशेषों के साथ उनसे जुड़ी प्राचीन वस्तुएं, उनके ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और पुरातात्विक महत्व को उजागर करने वाली सुनियोजित प्रस्तुतियां तथा भारत को बौद्ध धर्म का उद्गम स्थल दर्शाने वाली व्याख्यात्मक कथाएं शामिल होंगी। यह प्रदर्शनी विद्वानों, श्रद्धालुओं और आम जनता सभी के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है।
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन बुद्ध की शिक्षाओं में निहित शांति, करुणा और ज्ञान के सार्वभौमिक मूल्यों के प्रसार का सशक्त माध्यम बनेगा तथा भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर सुदृढ़ रूप से प्रस्तुत करेगा।

No comments:
Post a Comment