<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, January 12, 2026

अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित हुए श्री कृष्ण शुक्ल

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


गोरखपुर। भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारी श्री कृष्ण शुक्ल (आईआरटीएस, 2007 बैच), वर्तमान में सीएफटीएम, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर, को उनके उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सेवाओं के लिए अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 09 जनवरी 2026 को यशोभूमि, नई दिल्ली में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रदान किया गया।

श्री कृष्ण शुक्ल मूल रूप से जनपद बस्ती के ग्राम सेवरा, लाला छावनी के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके पश्चात उन्होंने अशोक इंटर कॉलेज छावनी से हाईस्कूल तथा पीपीआईसी वलीपुर, सुल्तानपुर से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी एवं एमएससी (केमिस्ट्री) प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की, जिसमें वे एमएससी में गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे।

रेलवे सेवा के दौरान श्री शुक्ल ने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे मंडल यातायात प्रबंधक टुंडला, सीनियर डीएसओ आगरा, सीनियर डीओएम झांसी एवं सीनियर डीओएम प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने हाई स्पीड रेल की विशेष ट्रेनिंग चीन से, लीडर्स इन अर्बन ट्रांसपोर्ट की ट्रेनिंग सिंगापुर एवं कोरिया से प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने आईआईएम बैंगलोर से मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की है।

श्री कृष्ण शुक्ल खेलों में भी रुचि रखते हैं। वे एक अच्छे तैराक, धावक एवं बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पूर्व में उन्हें जीएम अवार्ड 2013, विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2024 से भी सम्मानित किया जा चुका है। रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन में उनके अद्वितीय योगदान की विशेष रूप से सराहना की।

उनकी इस उपलब्धि से न केवल पूर्वोत्तर रेलवे बल्कि जनपद बस्ती और पूरे क्षेत्र में हर्ष एवं गर्व का माहौल है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages