संविधान की भावना के अनुरूप सेवा कार्य, समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुँची सहायता
लखनऊ। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की असीम कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प बृज की रसोई के अंतर्गत प्रत्येक रविवार की भांति इस रविवार भी मकर संक्रांति पर्व के पावन अवसर पर आशियाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 11 जनवरी 2026 को आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में अकिंचन, निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों तथा बुजुर्गों को तहेरी भोज, चटनी एवं मिष्ठान रूपी बूंदी ससम्मान परोसी गई।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विकास पाण्डेय ने बताया कि अपराह्न 2 बजे से प्रारंभ हुए इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।
वहीं आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सेवा कार्य को संपन्न कराया, जिससे सामाजिक सहभागिता और मानवीय संवेदना का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने मकर संक्रांति के अवसर पर देश व प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बृज की रसोई केवल निःशुल्क भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के आत्मसम्मान, विश्वास और आशा को सशक्त करने की निरंतर मानवीय पहल है। उन्होंने सेवा यात्रा में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, समर्पित स्वयंसेवकों एवं संवेदनशील नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आमजन से अपील की कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे।
संजय श्रीवास्तव ने बताया कि निःशुल्क भोजन वितरण साईं मंदिर सेक्टर–जे, आशियाना से प्रारंभ होकर सेक्टर–एम रिक्शा कॉलोनी, रतन खंड पार्क, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के पास स्थित झुग्गी–झोपड़ियाँ, निर्माणाधीन भवनों में कार्यरत श्रमिकों के अस्थायी आवास, नगर निगम जोन–8 की मलिन बस्तियाँ तथा रतन खंड पानी टंकी सहित अनेक क्षेत्रों में संपन्न हुआ।
निधी श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 1500 जरूरतमंद, निराश्रित एवं अकिंचन बच्चों तथा बुजुर्गों को संविधान की समता और मानवीय गरिमा की भावना के अनुरूप निःशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में संस्था के समर्पित पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक संजय श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय, आशीष श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, नवल सिंह, दिनेश पाण्डेय, मुकेश कनौजिया, उनयन श्रीवास्तव, साधना त्रिपाठी, निधि श्रीवास्तव, निशा श्रीवास्तव, अर्चना चौरसिया सहित अनेक समाजसेवियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

No comments:
Post a Comment