<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, January 3, 2026

हिमाचल कांग्रेस में 11 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति, मुख्यमंत्री के करीबियों को मिली तवज्जो


शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रहे संगठनात्मक शून्य को भरते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 11 जिलों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। यह नियुक्तियां कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत की गई हैं और इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। नवंबर 2024 से प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग चल रही थी, जिसके बाद से संगठनात्मक ढांचे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
नई नियुक्तियों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में संगठन को दोबारा मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
सूची के अनुसार मंडी जिला से चंपा ठाकुर, कांगड़ा से अनुराग शर्मा, हमीरपुर से सुमन भारती शर्मा, लाहौल-स्पीति से दोरजे अंगरूप, कुल्लू से सेस राम आजाद, चंबा से सुरजीत कुमार भरमौरी, सिरमौर से आनंद परमार, सोलन से सुभाष चंद वर्मानी, शिमला शहरी से इंद्रजीत सिंह, बिलासपुर से अंजना धीमान और ऊना से देशराज गौतम को जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि जिला किन्नौर और शिमला ग्रामीण के अध्यक्षों की घोषणा अभी नहीं हो पाई है, जिससे इन दोनों जिलों को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि इन पदों पर नियुक्ति के लिए अभी और मंथन किया जा रहा है।
नई सूची को लेकर यह बात भी सामने आ रही है कि ज्यादातर जिलों में उन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिन्हें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का करीबी माना जाता है। खास तौर पर मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर से सुमन भारती शर्मा की नियुक्ति को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। सुमन भारती शर्मा को संगठन में सक्रिय और मुख्यमंत्री के भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है। इसी तरह शिमला शहरी कांग्रेस की कमान इंद्रजीत सिंह को सौंपी गई है, जो लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इन नियुक्तियों के पीछे संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना और आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए मजबूत ढांचा तैयार करना मुख्य उद्देश्य है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages