बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम-2013 के तहत महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक द्वारा जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों में जाकर कार्यरत महिलाओं से संवाद किया गया। इस दौरान महिलाओं को अधिनियम के मुख्य प्रावधानों एवं आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यदि किसी भी महिला के साथ कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न की घटना होती है, तो वह बिना किसी भय के इसकी शिकायत कर सकती है। आंतरिक शिकायत समिति इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और महिलाओं को सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराए गए, जिनमें 1090 वीमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके साथ ही थाने का सीयूजी नंबर 9454404782 भी साझा किया गया।
शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों पर हुए इस जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी समस्याओं से पुलिस टीम को अवगत कराया और बस्ती पुलिस के इस प्रयास के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment