गोरखपुर। 45 यू.पी. एन.सी.सी. बटालियन के तत्वावधान में रेलवे सुरक्षा विशेष प्रबल द्वितीय वाहिनी, रजही में आयोजित दस दिवसीय छात्र-सैनिक शिविर का शुभारंभ कैंप कमांडेंट कर्नल जयवीर सिंह (सेना मेडल) ने किया। उद्घाटन सत्र में उन्होंने कहा कि शिविर के निर्देशों को जीवन में उतारकर युवा देश के सामने आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना कर सकते हैं। उन्होंने एन.सी.सी. को विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन बताते हुए कहा कि इसका सुव्यवस्थित प्रशिक्षण-पाठ्यक्रम युवाओं में सैन्य एवं असैन्य दोनों प्रकार के गुणों को विकसित करता है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा के सशक्त वाहक बनते हैं।
कर्नल सिंह ने बताया कि 450 युवा और 200 युवतियों की भागीदारी वाला यह शिविर भारतीय थल सेना के मूल सिद्धांतों पर आधारित है, जिसमें ड्रिल, मानचित्र अध्ययन, शस्त्र ज्ञान, दुश्मन क्षेत्र की पहचान, एंबुश, दूरबीन व कम्पास से लक्ष्य निर्धारण जैसी विविध सैन्य विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एन.सी.सी. का प्रशिक्षण न केवल सैन्य जीवन के लिए मार्ग प्रशस्त करता है, बल्कि अनुशासित दिनचर्या के माध्यम से असैन्य जीवन को भी मजबूती प्रदान करता है।
द्वितीय सत्र में इंटर-बटालियन वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सीनियर एवं जूनियर डिवीजन के प्रतिभागियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर पक्ष-विपक्ष में प्रभावी तर्क रखे। दर्शकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति का उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जबकि निर्णायक मंडल ने उत्कृष्टता के आधार पर विजेताओं की घोषणा की।
कार्यक्रम में ले. कर्नल अमित कुमार सिंह, मेजर मोहित कुमार, कैप्टेन वाहिद अली सहित अनेक सैन्य व सिविल अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment