बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत “हक की बात जिलाधिकारी के साथ एवं शक्ति संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न तथा महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आत्मविश्वास बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हर महिला को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए ताकि वह किसी भी परिस्थिति में सशक्त निर्णय ले सके।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा, स्वावलंबन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिन पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, अपर जिला सूचना अधिकारी हितेन्द्र कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, वरिष्ठ सहायक अशोक कुमार सहित विद्यालयों की छात्राएं व शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन राजकीय इंटर कॉलेज की शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।

No comments:
Post a Comment