बस्ती। शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति द्वारा महामंत्री श्याम प्रकाश शर्मा के संयोजन में कलेक्ट्रेट परिसर में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री व भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक एवं साहित्यकार डॉ. वी.के. वर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत को समृद्ध और धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र के रूप में वैश्विक पहचान दिलाई। स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अविस्मरणीय है। गांधीजी के नेतृत्व में उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष कर भारत को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम प्रकाश शर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू देश के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री थे। वे बच्चों को भारत का भविष्य मानकर उन्हें असीम स्नेह देते थे। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रधानमंत्री रहते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को बटुकनाथ शुक्ला, पं. सदानंद शर्मा, पं. चंद्रबली मिश्र, बी.के. मिश्र, डॉ. रामकृष्ण लाल ‘जगमग’, राजेंद्र सिंह ‘राही’, अजीत श्रीवास्तव ‘राज’, सुशील सिंह ‘पथिक’, हरिकेश प्रजापति, दीनबंधु उपाध्याय, संजीव पांडेय आदि ने संबोधित किया और कहा कि पंडित नेहरू का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में कवियों ने पं. नेहरू पर आधारित रचनाएँ भी प्रस्तुत कीं। मुख्य रूप से रामदत्त जोशी, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, ओमप्रकाश धर द्विवेदी, दीनानाथ यादव, सरताज आलम, गणेश प्रसाद आदि शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment