<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 18, 2026

किसान दिवस में उठीं समस्याएं, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश


संतकबीरनगर।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं के साथ खाद वितरण, धान खरीद और गन्ना क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सीडीओ ने खाद की उपलब्धता की जानकारी ली। सहायक आयुक्त सहकारिता एवं जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में खाद की कोई कमी नहीं है और वितरण सुचारु रूप से हो रहा है। किसानों ने पंजीकरण में रकबा पूर्ण नहीं होने से अंगूठा नहीं लग पाने और बीज की पर्याप्त मात्रा नहीं मिलने की समस्या उठाई। अंश निर्धारण में भी परेशानी बताई। इस पर सीडीओ ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को किसानों का अंश निर्धारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मलोराना के किसानों ने खेतों में जलभराव से धान कटाई में आ रही दिक्कत बताई। सीडीओ ने ड्रेनेज विभाग को रेलवे से संपर्क कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने को कहा।

गन्ना समिति और मंडी समिति द्वारा कराए गए सड़क निर्माण की जानकारी मांगने पर अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। गन्ना विभाग ने बताया कि जनपद में आठ क्रय केंद्र 27 तारीख से संचालित होंगे। सीडीओ ने केंद्रों पर किसानों के आवागमन की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

धान खरीद के लिए जनपद में 62 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 32, पीसीएफ के 21 और पीसीयू के नौ केंद्र शामिल हैं। मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम ने भी एक-एक केंद्र स्थापित किया है। सीडीओ ने अधिकारियों को केंद्रों का निरीक्षण करने और किसानों को धान बिक्री में परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

उन्होंने किसानों से हाउस लिस्टिंग के तहत निर्धारित 40 प्रश्नों के जवाब देकर स्वजनगणना कार्य पूरा करने की अपील की।

बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, प्रगतिशील किसान सुरेंद्र कुमार राय सहित किसान एवं अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages