- 27 नवंबर तक चलेगी मंडल स्तरीय प्रदर्शनी, ग्रामीण उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा बाजार
गोरखपुर। ग्रामीण हुनर को नई पहचान देने और स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की पहल पर गोरखपुर में दस दिवसीय मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। 18 से 27 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में 110 स्टालों के माध्यम से देशी उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमिता की विविधता देखने को मिलेगी।
डायट परिसर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय, माध्यमिक शिक्षा परिषद नॉर्मल गोरखपुर में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर मजबूत करना है। प्रदर्शनी में स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और हस्तशिल्पियों को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया है। इससे न केवल ग्रामीण उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि छोटे उद्यमियों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का मंच भी मिलेगा।
प्रदर्शनी की खास बात यह है कि इसमें उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड की इकाइयां भी अपने उत्पादों के साथ भागीदारी कर रही हैं। मिट्टी के कलात्मक बर्तन, जूट के आकर्षक बैग, लकड़ी के फर्नीचर, खादी के परिधान, ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पाद और हैंडलूम की चादरें लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे महिलाओं को अपने हुनर के जरिए आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
आयोजन के दौरान 19 नवंबर को मंडल स्तरीय ग्रामोद्योग पुरस्कार के लिए चयनित इकाइयों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली इकाई को 15 हजार रुपये, द्वितीय को 12 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली इकाई को 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया जाएगा।
प्रदर्शनी में प्रतिदिन शाम छह बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पहले दिन लोकगीतों की प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया जाएगा। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, पारंपरिक कारीगरों की प्रतिभा को पहचान दिलाने और स्वदेशी उत्पादों के प्रति लोगों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

No comments:
Post a Comment