लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन परिसरों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने गोरखपुर से लौटते समय देर शाम डोमिनगढ़ स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-1 की बिटुमिनस कंक्रीट सतह, कॉपिंग स्टोन बदलने, प्लेटफॉर्म किनारे रेल फेंसिंग तथा स्टेशन परिसर में स्थापित महात्मा बुद्ध की प्रतिमा का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आकर्षक फव्वारे और रंगीन प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित बुद्ध प्रतिमा स्टेशन की सुंदरता बढ़ाने के साथ यात्रियों को शांति, करुणा और मैत्री का संदेश दे रही है।
उल्लेखनीय है कि डोमिनगढ़ स्टेशन का संचालन पूरी तरह महिला रेलकर्मियों द्वारा किया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक से लेकर आरक्षण, उद्घोषणा, सुरक्षा एवं परिचालन तक की जिम्मेदारियां महिलाएं संभाल रही हैं। यह स्टेशन भारतीय रेल में नारी शक्ति और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण बन रहा है।
इस अवसर पर डीआरएम गौरव अग्रवाल ने उत्कृष्ट कार्य एवं समर्पण के लिए स्टेशन मास्टर अंकिता, आरक्षण पर्यवेक्षक हेमलता राय एवं मनीषा सिंह, विद्युत सिग्नल अनुरक्षक स्वाती जायसवाल, हेल्पर सिग्नल पारुल शर्मा तथा रेलवे सुरक्षा बल की कांस्टेबल अंजू यादव एवं नेहा यादव को 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेंद्र सिंह सहित स्टेशन के कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg)
No comments:
Post a Comment