गोरखपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में सोमवार को विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHT) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी अपराध अरुण कुमार एस की अध्यक्षता में हुई बैठक में बाल संरक्षण और बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी, भिक्षावृत्ति, बेघर बच्चों के बचाव एवं पुनर्वास तथा मानव तस्करी की रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देशों की समीक्षा की गई। साथ ही पॉक्सो अधिनियम के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान गोरखपुर पुलिस के लिए पॉक्सो अधिनियम-2012 पर कार्यशाला आयोजित करने, गुमशुदा बच्चों की तलाश में पुलिस की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, 21 नवंबर से 21 दिसंबर तक चलने वाले बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान और बाल विवाह की रोकथाम को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. जयप्रकाश आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मुमताज खां, जिला विद्यालय निरीक्षक मिथिलेश कुमार मिश्रा, एसएसबी गोरखपुर के प्रतिनिधि पवन कुमार सहित विभिन्न संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि, सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारी, थाना एएचटी प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार और एसजेपीयू के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment