बस्ती। मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत मंगलवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, बचाव, महिला अधिकारों तथा शासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत दुबौलिया पुलिस ने ग्राम बैरागल, हरैया पुलिस ने कस्बा हरैया, महिला थाना पुलिस ने जिला अस्पताल, दक्षिण दरवाजा व कैली, रुधौली पुलिस ने ग्राम कपिया कला, नगर पुलिस ने नगर बाजार तथा कोतवाली पुलिस ने रौता और मालवीय रोड पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
पुलिस टीमों ने चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। साथ ही पंपलेट वितरित कर महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 108 और 102 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीमों ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं से अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने तथा किसी भी अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment