<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 11, 2026

छठ पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अपर महाप्रबंधक ने किया भटनी-छपरा रेलखंड का निरीक्षण


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

वाराणसी। छठ महापर्व पर यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने बुधवार को भटनी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा के साथ उन्होंने सीवान एवं छपरा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक, सिग्नल व्यवस्था, समपार फाटकों, पुल-पुलियों, ओवरहेड विद्युत उपकरणों और स्टेशन यार्ड की स्थिति देखी। अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।

सीवान जंक्शन पर प्लेटफार्म, यात्री आश्रय केंद्र, टिकट काउंटर, प्रवेश-निकास मार्ग, लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ियों, प्रतीक्षालय, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा और ट्रेनों की नियमित उद्घोषणा सुनिश्चित करने को कहा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।

छपरा जंक्शन पर उन्होंने यात्री सुविधाओं, सीसीटीवी निगरानी, खाद्य स्टॉल और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। प्लेटफार्मों पर बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग तथा टिकट काउंटरों पर व्यवस्थित कतारें बनाने को कहा। सेकेंड एंट्री परिसर में निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और प्रतीक्षालय यात्रियों के लिए जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्लेटफार्म संख्या एक पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए प्लेटफार्म संख्या आठ पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम करने पर जोर दिया।

अपर महाप्रबंधक ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और स्टेशन पर तैनात कर्मचारी यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर रहें।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन) अजय कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक मंडल विद्युत अभियंता गोपाल दास गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages