वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को जनपद आगमन के दौरान संयुक्त जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और एंबुलेंस व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों को सरकारी अस्पताल से ही सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी कक्ष, आर्थोपेडिक वार्ड, मेडिकल वार्ड, दवा केंद्र, डॉक्टर कक्ष, ऑक्सीजन आपूर्ति और अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज, निःशुल्क दवाओं और भोजन की व्यवस्था का फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा गरीबों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद अस्पताल सभागार में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला चिकित्सालय के साथ सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं, चिकित्सकों, एंटीवेनम और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की समय से उपस्थिति तथा नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।
एंबुलेंस की कमी और कुछ एंबुलेंस खराब मिलने पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को खराब एंबुलेंस निष्प्रयोज्य घोषित कर नई एंबुलेंस की मांग भेजने को कहा। इस संबंध में उन्होंने दूरभाष पर डीजी स्वास्थ्य से वार्ता कर आवश्यक एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत और जननी सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, विधायकगण, जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद आगमन पर उप मुख्यमंत्री ने होटल द बेलेंसिया का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। इस दौरान पूर्व विधायक जय चौबे सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment