गोरखपुर। गोला थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 7,330 रुपये नकद और पांच पैकेट सिगरेट बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बीते 13 नवंबर की रात करीब एक बजे आरोपियों ने छत के रास्ते वादी की दुकान में प्रवेश कर 74 हजार रुपये नकद, सोने की दो चेन और सिगरेट के 13 पैकेट चोरी कर लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर गोला थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अर्पित मिश्रा की टीम ने कार्रवाई करते हुए सन्नी पाल पुत्र रामनेवास निवासी परसा उर्फ अगलहवा तथा सूरज यादव पुत्र मोती यादव निवासी पड़ेरिया, थाना गोला को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अर्पित मिश्रा, कांस्टेबल देवेंद्र चौहान, रिजर्व कांस्टेबल मनोहर प्रसाद और शिवम सिंह शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment