बस्ती। लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी और जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती में मतदाता साक्षरता क्लब के तत्वावधान में जनपद स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी समझ का परिचय दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य भावी एवं युवा मतदाताओं को उनके मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना है। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लोकतंत्र और मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता के जरिए निर्वाचन संबंधी जानकारी और समझ को परखा गया।
नोडल अधिकारी एवं राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश वर्मा ने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। युवाओं को मतदान के महत्व को समझते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में उदयभान सिंह, रामचंद्र यादव एवं डॉ. शिवाशुतोष मिश्र शामिल रहे। आयोजन में अजय प्रकाश लाल श्रीवास्तव, अमित कुमार यादव, बलवंत पटेल एवं राहुल तिलौलिया ने सहयोग किया। प्रतियोगिता के तहत कुल 10-10 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

No comments:
Post a Comment