बस्ती। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को थाना कोतवाली पुलिस की ओर से एपीएन पीजी कॉलेज, गांधीनगर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक सदर मानसी दहिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानंद सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। अभियान में आरक्षी अजय पाठक और आरक्षी रोचक वाजपेयी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के जरूरी उपाय बताए।
पुलिसकर्मियों ने डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपीआई के जरिए ठगी, क्यूआर कोड स्कैन, अनजान लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग और ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड साझा न करें। किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने या अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने से भी बचें।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई। कोतवाली थाने में स्थापित 24 घंटे संचालित साइबर हेल्प डेस्क की उपयोगिता बताते हुए कहा गया कि किसी भी साइबर समस्या की स्थिति में पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की, ताकि जागरूकता के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

No comments:
Post a Comment