गोरखपुर। छठ महापर्व के दृष्टिगत गोरखपुर के सांसद एवं प्रख्यात अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने शनिवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सांसद ने सबसे पहले गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधाओं, ट्रेनों के सुचारु संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि पर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद सांसद ने सूरजकुंड पोखरा, राजघाट स्थित छठ घाट और रामगढ़ ताल जेट्टी स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं, घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया।
सांसद रवि किशन शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और लोक संस्कृति का महान पर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
No comments:
Post a Comment