बस्ती। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी बसन्त चौधरी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने रूधौली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। बसन्त चौधरी का कहना है कि पार्टी नेतृत्व उन्हें मौका देता है तो वह रूधौली से चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
बुधवार को प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बसन्त चौधरी ने कहा कि बस्ती जनपद की रूधौली और हर्रैया विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी को लेकर नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-सपा गठबंधन की सरकार बनने की उम्मीद है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान है। तहसील और थानों में छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को रिश्वत देनी पड़ रही है। गरीबों और अल्पसंख्यकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए।
बसन्त चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता अब मौजूदा व्यवस्था में बदलाव चाहती है। कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए चुनावी मैदान में अपनी तैयारी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूधौली और हर्रैया सीटों पर पार्टी की दावेदारी पेश की गई है, लेकिन अंतिम निर्णय राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को करना है। नेतृत्व का जो भी फैसला होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा।

No comments:
Post a Comment