बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को बस्ती पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया। जनपद आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया। अपने प्रवास के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने हर्रैया और बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें कर पार्टी की तैयारियों का जायजा लिया तथा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में पूरी ताकत से जुटने का संदेश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हर्रैया विधानसभा क्षेत्र की सीमा घंघौला में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय प्रभारी अभिजात मिश्र, जिला प्रभारी डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व सांसद अरविंद चौधरी समेत बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
इसके बाद अवधेश सिंह होटल के सभागार में हर्रैया विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की स्थिति, क्षेत्रीय गतिविधियों तथा आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने में जुटे।
हर्रैया के बाद प्रदेश अध्यक्ष शाम करीब चार बजे बस्ती सर्किट हाउस पहुंचे, जहां बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र की बैठक आयोजित हुई। इसमें उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ता अभी से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ मैदान में उतरें। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता सुनिश्चित करने और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का निर्देश देते हुए संगठन की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
दोनों बैठकों में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें अष्टभुजा शुक्ल, गोपेश्वर त्रिपाठी, रामानंद नन्हे, प्रेम सागर तिवारी, गजेंद्र सिंह, राजेंद्र गौड़, यशकांत सिंह, पवन कसौधन, अमरेंद्र प्रताप सिंह राम, भानु प्रकाश मिश्र, प्रत्यूष विक्रम सिंह, राम शृंगार ओझा, राना दिनेश प्रताप सिंह, ममता पांडेय, अखंड प्रताप सिंह, वीरेंद्र गौतम, विनय सिंह भारद्वाज, राजेश त्रिपाठी, राजकुमार शुक्ल, अमित कुमार वर्मा, राधेश्याम कमलापुरी, दुष्यंत विक्रम सिंह, केके सिंह, देवेंद्र सिंह, ध्रुव सिंह, चंद्रमणि पांडेय सुदामा, सुरेंद्र चौधरी, प्रेम प्रकाश चौधरी, अभिषेक कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने यह जानकारी दी।

No comments:
Post a Comment