गोण्डा। रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति की जान बचाने वाले गोण्डा जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति को पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश प्रकाश डी. ने प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उनके साहस, सूझबूझ और तत्परता की सराहना करते हुए डीजी रेलवे ने उत्साहवर्धन किया।
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को गोण्डा रेलवे स्टेशन पर नेपाल से आया एक व्यक्ति पोल पर चढ़कर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की और अपनी सूझबूझ से व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारकर उसकी जान बचाई।
इस सराहनीय कार्य के लिए मंगलवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे ने उन्हें सम्मानित किया। इसी कार्यक्रम में गोविंदपुरी, मिर्जापुर और बरेली सिटी रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की जान बचाने वाले अन्य जीआरपी पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
डीजी रेलवे ने कहा कि पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता सराहनीय है। ऐसे कार्य पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ ही दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।

No comments:
Post a Comment