बस्ती। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जनपद में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (DCC)-1950 सक्रिय कर दिया गया है। इसके जरिए मतदाता घर बैठे निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी समस्याओं और शिकायतों का समाधान भी करा सकेंगे। पुनरीक्षण कार्यक्रम 17 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक संचालित होगा।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एस. सुधाकरन ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 1950 हेल्पलाइन शुरू की गई है। नागरिक मोबाइल अथवा लैंडलाइन से इस नंबर पर संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम, मतदान केंद्र, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जनपद से बाहर रहने वाले मतदाता 05542-1950 तथा 05542-297710 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी हेल्पलाइन पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से किए गए आवेदनों की स्थिति, मतदाता सूची में नाम की पुष्टि, भाग संख्या, क्रम संख्या और मतदान केंद्र का पता भी जाना जा सकेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पहचान पत्र मिलने में देरी, मतदाता सूची में गलतियों और निर्वाचन संबंधी अन्य समस्याओं की शिकायत भी हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट स्थित ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कार्यालय और जनपद की सभी तहसीलों में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं, जहां फार्म-6, 7 और 8 निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने सभी नागरिकों से ECINET ऐप डाउनलोड कर निर्वाचन संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने तथा विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

No comments:
Post a Comment