लखनऊ। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गोरखपुर कैंट–पनियहवां रेलखंड पर बोदरवार एवं कप्तानगंज रेलवे स्टेशनों पर चल रहे दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और रेल परिचालन से जुड़ी संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बोदरवार स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए डीआरएम ने सर्कुलेटिंग एरिया, सेफ्टी टैंक, प्लेटफॉर्म, नवनिर्मित पैनल रूम एवं रिले रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में अनाधिकृत प्रवेश रोकने और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
इसके बाद कप्तानगंज स्टेशन पर दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक, बैलास्ट एवं कट कनेक्शन प्वाइंट की स्थिति देखी। स्टेशन पैनल का निरीक्षण कर पॉइंट्समैन और स्टेशन मास्टर से ट्रेनों के सुरक्षित संचालन तथा संरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना के विकास में गुणवत्ता, समयबद्धता और संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कांत पाण्डेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, मुख्य सिग्नल इंजीनियर रोशन लाल यादव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment