<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, October 23, 2026

मिशन शक्ति 6.0 के तहत गांव-गांव पहुंची पुलिस, महिलाओं को किया जागरूक


संतकबीरनगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए संतकबीरनगर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं के विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीमों और महिला बीट अधिकारियों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया। पुलिस ने महिला अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों और जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। महिलाओं को प्रेरित किया गया कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर अपनी बात रखें और पुलिस की मदद लें।

कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। साइबर अपराध की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी भी दी गई।

कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बरई टोला और डीघा बाईपास, महिला थाना पुलिस ने जिला अस्पताल, धनघटा पुलिस ने शनिचरा बाजार व मुठईकला, महुली पुलिस ने मुकुंदपुर, बखिरा पुलिस ने लोरीबारी, नंदौर चौराहा व बखिरा तिराहा तथा धर्मसिंहवा पुलिस ने झाउवा कोमर और अतरीनानकार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

पुलिस ने ग्रामीणों को समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

No comments:

Post a Comment

Pages