<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, September 28, 2026

अक्टूबर में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 12 से दस्तक अभियान


बस्ती। जिले में संचारी रोगों और दिमागी बुखार की रोकथाम के लिए एक से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित होगा। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। उप मुख्य चिकित्साधिकारी सियाराम यादव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अभियान का नोडल विभाग होगा। जनपद से लेकर तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बुखार, इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), क्षय रोग और कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उपचार कराया जाएगा। अभियान की निगरानी, पर्यवेक्षण, रिपोर्टिंग और अभिलेखीकरण भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा।

नगर पालिका और नगर पंचायतों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। नालियों की सफाई, फॉगिंग, झाड़ियों की कटाई और नियमित कूड़ा निस्तारण कराने के साथ पेयजल की जांच व क्लोरीनेशन कराने को कहा गया। ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता, जल निकासी, शौचालयों की सफाई और हाथ धोने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

गांवों में उथले हैंडपंपों को लाल रंग से चिह्नित करने तथा खराब इंडिया मार्क-टू हैंडपंपों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। जलाशयों और नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग कराई जाएगी। ग्राम स्तर पर कूड़ेदान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

पशुपालन विभाग को सूकरबाड़ों की नियमित सफाई, कीटनाशक का छिड़काव और उन्हें आबादी से दूर रखने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालकों को स्वच्छता और मच्छररोधी जाली के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। एईएस/जेई से दिव्यांग हुए बच्चों का सर्वे कराकर डीडीआरसी सेंटर के माध्यम से उपचार और जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

कृषि एवं सिंचाई विभाग जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए तकनीकी सहयोग देगा। उद्यान विभाग मच्छररोधी पौधे लगाने के साथ नहरों और तालाबों के किनारे अनावश्यक वनस्पतियों की सफाई कराएगा।

बैठक का संचालन मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र कुमार दूबे ने किया। इस दौरान एएमओ चंद्र मोहन मेहरोत्रा, बीएसए अनूप तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, समस्त एमओआईसी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages