<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, June 2, 2026

सीताराम विवाह प्रसंग सुन मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु, आदर्श दांपत्य का दिया संदेश

बस्ती। नगर पंचायत नगर के हरनखा वार्ड में सोमवार की रात संगीतमयी श्रीराम कथा के दौरान कथा व्यास आचार्य मनीष चतुर्वेदी ने भगवान राम और माता सीता के पावन विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को मर्यादा, प्रेम और आदर्श दांपत्य जीवन का संदेश देते हुए बताया कि मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को राम विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान राम और माता सीता का विवाह संपन्न हुआ था।



कथा व्यास ने कहा कि त्रेतायुग में गुरु विश्वामित्र के साथ दैत्यों के संहार के लिए निकले राम और लक्ष्मण मिथिला पहुंचे, जहां राजा जनक की पुत्री सीता का स्वयंवर आयोजित था। पुष्प वाटिका में श्रीराम और सीता का प्रथम मिलन हुआ। माता सीता ने मन ही मन श्रीराम को अपने पति के रूप में स्वीकार कर देवी पार्वती से उनका वरण करने का आशीर्वाद मांगा। आचार्य मनीष चतुर्वेदी ने कहा कि राजा जनक ने प्रण किया था कि जो शिव धनुष को उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ाएगा, उसी के साथ सीता का विवाह होगा। स्वयंवर में उपस्थित अनेक राजा और महाराजा अपने पराक्रम के बावजूद शिव धनुष को हिला तक नहीं सके। इससे राजा जनक निराश हो गए। तभी गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर राम आगे बढ़े और सहजता से शिव धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाने लगे। उसी दौरान धनुष भंग हो गया और समस्त सभा भगवान राम के अद्भुत पराक्रम की साक्षी बनी।

मानस मर्मज्ञ ने कहा कि धनुष भंग के बाद श्रीराम और सीता का शुभ विवाह संपन्न हुआ, जो आदर्श दांपत्य जीवन का सर्वोत्तम उदाहरण माना जाता है। उन्होंने कहा कि आज भी अयोध्या और मिथिला सहित पूरे देश में राम विवाह उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
कथा के दौरान श्रद्धालु राम-सीता विवाह प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भक्ति के सागर में गोते लगाते रहे और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। इस मौके पर मुख्य यजमान सभासद दिनेश चौरसिया और माया चौरसिया के अलावा ब्लाक प्रमुख व नगर पंचायत नगर के अध्यक्ष प्रतिनिधि राना दिनेश प्रताप सिंह, आशीष सिंह, राकेश पांडेय, रामदत्त चौरसिया, पारस सोनी, नैतिक जायसवाल और विजय समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages